न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

शिक्षा विभाग की डीपीओ रूबी कुमारी के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की बड़ी रेड, किशनगंज से कटिहार तक मचा हड़कंप

सुबह सात बजे एक साथ कई ठिकानों पर पहुंची आर्थिक अपराध इकाई की टीम, कार्यालय और किराये के मकान में खंगाले दस्तावेज; पति गौरव कुमार गुप्ता भी जांच के घेरे में, 2.45 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का प्रारंभिक आकलन

राजेश दुबे /किशनगंज

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बिहार की आर्थिक अपराध इकाई ने शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी के खिलाफ मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। मंगलवार की सुबह करीब सात बजे आर्थिक अपराध इकाई की स्पेशल टीम ने किशनगंज में उनके कार्यालय और किराये के आवास सहित कटिहार स्थित अन्य ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग से लेकर प्रशासनिक महकमे तक में हड़कंप मच गया है।

किशनगंज में रूईधासा स्थित कार्यालय और लाइन मोहल्ला स्थित रूबी कुमारी के किराये के मकान में आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने एक साथ दबिश दी। दोनों स्थानों पर अधिकारियों की टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की गहन जांच कर रही है। वहीं, आर्थिक अपराध इकाई की टीम कटिहार स्थित उनके आवास और अन्य संपत्तियों को खंगाला ।

पूरी कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद जनीफुद्दीन के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों स्थानों के बाहर सदर थाना की पुलिस बल तैनात की गई थी। मुख्य द्वारों पर पुलिस की निगरानी रखी जा रही थी और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।

2.45 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का प्रारंभिक आकलन

बिहार पुलिस मुख्यालय की आर्थिक अपराध इकाई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रूबी कुमारी, कार्यक्रम पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, किशनगंज और उनके पति गौरव कुमार गुप्ता के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में कांड संख्या 31/26, दिनांक 02 नवंबर 2026 को दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक जांच में दोनों के ज्ञात आय के वैध स्रोतों से लगभग 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का आकलन किया गया है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 87.49 प्रतिशत अधिक बताई गई है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। तलाशी के लिए पटना स्थित विशेष निगरानी न्यायालय से अनुमति प्राप्त की गई है।

कटिहार में जमीन और संपत्तियों को लेकर भी जांच

रूबी कुमारी का कटिहार से भी गहरा जुड़ाव है।मिली जानकारी के मुताबिक कटिहार में उनका ससुराल है। जहां उनके द्वारा आलीशान पांच मंजिला
मकान का निर्माण करवाया जा रहा है।किशनगंज से पहले रूबी कुमारी कटिहार और पूर्णिया में पदस्थापित थी।बताया जा रहा है कि शिक्षिका के रूप में उन्होंने कैरियर की शुरुआत की थी।किशनगंज में पदस्थापना के दौरान उन्होंने यहां किराये का मकान ले रखा था लेकिन हर दिन कटिहार आना-जाना करती थीं। कटिहार में जमीन और अन्य अचल संपत्तियों में निवेश को लेकर भी जांच एजेंसी द्वारा दस्तावेजों की पड़ताल की गई ।किशनगंज में करीब 6 घंटे तक चली छापेमारी के बाद अधिकारियों को जमीन के कई दस्तावेज, फ्लैट के कागजात सहित अन्य दस्तावेज मिले है ।

किशनगंज और कटिहार के चार ठिकानों पर तलाशी

आर्थिक अपराध इकाई की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, तलाशी अभियान के दायरे में कटिहार के ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित आवास, कटिहार में पैतृक मकान, निजी अपार्टमेंट तथा किशनगंज में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय और निकट संबंधी के किराये के आवास सहित विभिन्न ठिकाने शामिल हैं।

डीएसपी मोहम्मद जनीफुद्दीन ने बताया कि मामला आय से लगभग 87.49 प्रतिशत से अधिक संपत्ति अर्जित करने से जुड़ा है।उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।हालांकि स्थानीय लोगों की माने तो रूबी कुमारी के द्वारा करोड़ो रुपए की जमीन खरीदी गई है ।

शिक्षा विभाग की एक वरिष्ठ पदाधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में हुई इस कार्रवाई ने पूरे जिले में हलचल पैदा कर दी है। अब सबकी नजरें विभाग की जांच और तलाशी में सामने आने वाले तथ्यों पर टिकी हैं।

Share this news

Leave a Comment