किशनगंज: पूर्णिया विश्वविद्यालय के तत्वावधान में मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज की मेजबानी में तीन दिवसीय अंतर विश्वविद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ 3 नवंबर को हुआ। प्रतियोगिता 5 नवंबर तक चलेगी। उद्घाटन समारोह में मारवाड़ी कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार ने विधिवत रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
इस प्रतियोगिता में सीमांचल क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। इनमें नेहरू कॉलेज, बहादुरगंज, आर.के. शाह महिला कॉलेज, किशनगंज, बैसा डिग्री कॉलेज, बैसा, कोचाधामन डिग्री कॉलेज तथा मेजबान मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज की टीमें शामिल हैं। बैसा डिग्री कॉलेज की ओर से शंभू कुमार प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी विभिन्न वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा, तकनीक और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने ऐसी प्रतियोगिताओं को विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा विभिन्न महाविद्यालयों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द बढ़ाने का बेहतर अवसर बताया।
इस अवसर पर कॉलेज के स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. उमाशंकर भारती उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पीटीआई रविकांत गंजन सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। निर्णायक मंडल में सादिक अख्तर, शादमां परवीन, अनवरुल हक, मोहम्मद वसीम एवं पंकज कुमार शामिल हैं।
कार्यक्रम में मारवाड़ी कॉलेज के सभी शिक्षक एवं गैर-शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी समारोह में भाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल है।