किशनगंज /राजेश दुबे
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने मंगलवार सुबह सर्व शिक्षा अभियान की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की।आर्थिक अपराध इकाई की इस अचानक कार्रवाई से शिक्षा विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, ईओयू की स्पेशल टीम मंगलवार की सुबह ही किशनगंज पहुंची थी। टीम ने सुबह करीब 7:00 बजे एक साथ डीपीओ के दो ठिकानों पर दबिश दी। ईओयू की टीम रूईधासा स्थित कार्यालय और लाइन मोहल्ला स्थित डीपीओ रूबी कुमारी के किराए के मकान में एक साथ छापेमारी कर रही है। दोनों ही स्थानों पर ईओयू के अधिकारी संपत्ति और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजातों की गहन जांच-पड़ताल कर रहे हैं।
यह पूरी कार्रवाई ईओयू के पुलिस उपाधीक्षक मो जनीफुद्दीन के नेतृत्व में की जा रही है । छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने और किसी भी तरह के व्यवधान को रोकने के लिए दोनों स्थानों के बाहर सदर थाना की पुलिस बल की तैनाती की गई है। मुख्य द्वारों को सील कर किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।डीपीओ रूबी कुमारी पर अपने पद का दुरुपयोग कर आय से अधिक बेनामी संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोप हैं।
डीएसपी मोहम्मद जनीफुद्दीन ने बताया कि आय से लगभग 80% अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला है।सूत्रों की माने तो रूबी कुमारी ने कटिहार में अरबों रुपये की जमीन खरीदी है।बताया जाता है कि उन्होंने यहां आवास किराए पर लेकर रखा था लेकिन हर दिन कटिहार आना जाना करती थी।ईओयू ने गुप्त सूचना और प्राथमिक जांच में वित्तीय अनियमितताओं के साक्ष्य मिले थे, जिसके बाद न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल कार्यालय और आवास के भीतर फाइलों, बैंक खातों, अचल संपत्ति के दस्तावेजों और लॉकर आदि की तलाशी जारी है। छापेमारी खत्म होने के बाद ही कुल बरामदगी और अनुपातहीन संपत्ति का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा।इस कारवाई के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।