न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज पुलिस का अपराधियों पर बड़ा प्रहार, 230 गिरफ्तार,2.30 करोड़ का मादक पदार्थ जब्त

संवाददाता/ किशनगंज

विशेष अभियान के तहत शराब, ब्राउन शुगर, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की बड़ी खेप बरामद, जब्त ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.30 करोड़ रुपये

किशनगंज: जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध बालू एवं शराब कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी, पशु तस्करी, गृहभेदन, मोटरसाइकिल चोरी तथा फर्जी कंपनी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके साथ ही वाहन जांच और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी शिकंजा कसा गया।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए अभियान में कुल 230 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वही वाहन जांच के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर 14 लाख 53 हजार 21 रुपये जुर्माने की राशि वसूल की गई। इस अवधि में 60 पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को पुरस्कृत किया गया, जबकि 8 को निलंबित और 4 को दंडित किया गया।

जब्त ब्राउन शुगर की कीमत करीब 2.30 करोड़ रुपये

अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और अन्य अवैध सामान बरामद किए। इसमें 995.5 ग्राम ब्राउन शुगर, स्मैक एवं हेरोइन शामिल है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 294 ग्राम एमडीएमए, 3.888 किलोग्राम गांजा, 1,144.795 लीटर विदेशी शराब, 234.75 लीटर देसी शराब और 920 लीटर जावा बरामद किया गया।

वही पुलिस ने 2 पीस कारतूस, 440 पीस लॉटरी टिकट, 40 किलोग्राम तांबे के तार, 51 मीटर तांबे के तार, 393 बोरा यूरिया खाद, 12 लीटर केरोसिन, 9 बोरा लकड़ी तथा 100 पीस अनाज एवं 3 बोरा अन्य सामान भी जब्त किया।

नकदी और आभूषण समेत कई वाहन जब्त

कार्रवाई के दौरान 4 लाख 89 हजार 780 रुपये भारतीय मुद्रा और 65 हजार 600 रुपये नेपाली करेंसी बरामद की गई। इसके अलावा चांदी जैसे आभूषण के 46 पीस, सोने जैसे आभूषण के 19 पीस, 37 मेमोरी कार्ड और 22 मोबाइल फोन जब्त किए गए।

पुलिस ने 16 ट्रक एवं ट्रैक्टर, 12 मोटरसाइकिल एवं साइकिल, 12 गैस सिलेंडर, 9 पिकअप एवं टोटो तथा 3 कार भी जब्त कीं। इसके अतिरिक्त एल्युमिनियम के बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, प्लास्टिक की कुर्सियां, थाली, बाल्टी, पलंग, पेटी, ताला, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, लैपटॉप, टॉर्च, पंखा, सिलाई मशीन, स्कॉर्पियो और अन्य सामान भी बरामद किए गए।

Share this news

Leave a Comment