कई दिनों से किचन के एक जैसे खाने के बीच ट्रैक्टर से पहुंचा गर्म भोजन, तंबुओं में खिले बाढ़ पीड़ितों के चेहरे
बरारी /कटिहार -पिछले 10-12 दिनों से बाढ़ की मार झेल रहे परिवार सामुदायिक किचन में चावल, दाल और सोयाबीन-आलू की सब्जी खाकर गुजारा कर रहे हैं। इसी बीच बुधवार को कुंडी पुल पर तंबुओं में शरण लिए सैकड़ों बाढ़ पीड़ितों के लिए कुछ अलग लेकर पहुंचे मोहनाचांदपुर के सरपंच मो. इरशाद,जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि शरीफ खान और जनसुराज युवा प्रखंड अध्यक्ष राजेश सिंह आदि थे।
मौके पर सरपंच और जिप सदस्य प्रतिनिधि दोनों अपने कार्यकर्ताओं के साथ ट्रैक्टर पर बड़े-बड़े बर्तनों में चावल, मिक्स सब्जी और चिकन लेकर पहुंचे और बाढ़ पीड़ितों के बीच भोजन का वितरण किया।ट्रैक्टर से बर्तन उतारकर जब भोजन तंबुओं तक पहुंचाया गया तो बाढ़ पीड़ितों के चेहरे पर राहत नजर आई। सरपंच मो. इरशाद और शरीफ खान ने खुद अपने हाथों से लोगों को भोजन परोसा।
कई दिनों से बाढ़ के पानी के बीच परेशानी झेल रहे परिवारों ने भावुक होकर भोजन लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि संकट की घड़ी में इरशाद लगातार लोगों के बीच खड़े रहते हैं। लोगों ने कहा कि सरपंच हो तो इरशाद की तरह, जो वर्षों से हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े हैं।सरपंच मो. इरशाद और जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि शारीफ खान ने कहा कि उनका मानना है कि मानव सेवा से बढ़कर धरती पर कुछ नहीं है।
मोहनाचांदपुर के कई गांव कई दिनों से जलमग्न हैं। सरकार की ओर से राहत दी जा रही है, लेकिन बाढ़ पीड़ितों की परेशानी को करीब से महसूस करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वे लोग बाढ़ पीड़ितों के साथ दिन-रात उठते-बैठते हैं, इसलिए उनके दुख-दर्द को करीब से महसूस करते हैं। इसी सोच के साथ भोजन लेकर उनके बीच पहुंचे हैं।