न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

हिंदी हमारी संस्कृति,अस्मिता और स्वतंत्रता आंदोलन की महत्वपूर्ण विरासत- डॉ. मनोरंजन कुमार

कोढा/कटिहार-पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कोलासी के प्रांगण में 1 सितंबर से 15 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। हिंदी भाषा के प्रति विद्यार्थियों में रुचि, सम्मान एवं जागरूकता विकसित करने तथा हिंदी के व्यापक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पखवाड़े के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न रचनात्मक, साहित्यिक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया गया।

हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत कविता वाचन, हिंदी प्रश्नोत्तरी, हिंदी सुलेख प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने इन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी भाषा एवं साहित्य के महत्व, हिंदी की समृद्ध परंपरा तथा राष्ट्र निर्माण में हिंदी की भूमिका से अवगत कराया गया।

समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरे राम कुमार ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय समाज को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक डॉ. मनोरंजन कुमार ने कहा कि हिंदी साहित्य हमारी संस्कृति, आत्मीयता, राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन से प्राप्त महत्वपूर्ण विरासत का हिस्सा है।

उन्होंने हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़े की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को देवनागरी लिपि में संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। इसी ऐतिहासिक निर्णय की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है तथा हिंदी के व्यापक प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया जाता है।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक संजय कुमार,दीपक कुमार दिनकर, प्रमोद कुमार, वंदना त्रिवेदी, रुकमणी कुमारी एवं प्रेरणा कुमारी सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। पूरे पखवाड़े के दौरान आयोजित गतिविधियों ने विद्यालय परिसर में हिंदी के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया तथा विद्यार्थियों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि, सम्मान और गौरव की भावना को और मजबूत किया।

Share this news

Leave a Comment