न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

छठ पूजा को लेकर टेढ़ागाछ में तैयारियां तेज,बाजारों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

विजय कुमार साह / टेढ़ागाछ

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। छठ महापर्व को लेकर क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बाजारों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। प्रखंड क्षेत्र के फुलबरिया, मटियारी, झाला, फतेहपुर, फाराबाड़ी, कजलेटा सहित अन्य जगहों पर छठ घाट निर्माण के लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है। वहीं, कुछ स्थानों पर घाटों की साफ-सफाई और निर्माण कार्य भी शुरू किया जा रहा है।

महापर्व को लेकर छठ पूजा समितियों और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा घाटों को व्यवस्थित करने की तैयारी की जा रही है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। घाटों की साफ-सफाई, रास्तों की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।

इधर, छठ पूजा को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। शुक्रवार को फुलबरिया बाजार में छठ पूजा की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, फल, सूप, दउरा, नारियल, गन्ना और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी की।

बाजार में बढ़ी भीड़ के कारण काफी चहल-पहल देखने को मिली। छठ महापर्व को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ पर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं। आने वाले दिनों में बाजारों में खरीदारी और छठ घाटों पर तैयारियों में और तेजी आने की संभावना है।

Share this news

Leave a Comment