औरंगाबाद में डॉ जायसवाल का हुआ भव्य स्वागत
औरंगाबाद: बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के औरंगाबाद आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से भव्य स्वागत किया गया। सर्किट हाउस पहुंचने पर जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से मंत्री को पारंपरिक तरीके से गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
इसके बाद मंत्री डॉ. जायसवाल ने देव में आयोजित कार्तिक छठ मेला-2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयार की गई टेंट सिटी का उद्घाटन किया। टेंट सिटी का निर्माण छठव्रतियों के ठहरने, विश्राम करने और अन्य आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया गया है। मालूम हो कि छठ महापर्व के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देव पहुंचते हैं। ऐसे में टेंट सिटी की व्यवस्था से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए जिला प्रशासन की ओर से शुरू की गई निःशुल्क बस सेवा को भी मंत्री डॉ जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य छठ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराना और भीड़ के दबाव को कम करना है।
इस मौके पर बिहार सरकार की प्रभारी मंत्री रमा निषाद, सांसद अभय कुशवाहा, सांसद राजाराम सिंह, विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, प्रकाश चंद्रा, ललन राम, प्रमोद कुमार सिंह, अमरेंद्र कुशवाहा, विधान पार्षद जीवन कुमार एवं दिलीप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष विजेंद्र सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन की इन व्यवस्थाओं को छठ महापर्व में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। टेंट सिटी और निःशुल्क बस सेवा से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही मेले के दौरान व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।