कटिहार-मनिहारी फोरलेन पर अहले सुबह करीब 5 बजे भीषण हादसा, सभी मृतक कटिहार के बैगना निवासी; घायलों को बेहतर इलाज के लिए कटिहार रेफर किया गया।
मनिहारी/कटिहार। मनिहारी गंगा स्नान करने आ रहे एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। कटिहार-मनिहारी मुख्य सड़क फोरलेन पर नारायणपुर के समीप शुक्रवार अहले सुबह करीब 5 बजे एक भीषण सड़क हादसे में दंपति समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर पहुंचे मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने बताया कि कटिहार की ओर से आ रही एक कार नारायणपुर के समीप सड़क किनारे खराब होने से खडी बालू लदे ट्रक से पीछे से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दर्दनाक सडक हादसे में मौके पर तीन लोगों की दुखद मौत हो गयी।
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 68 वर्षीय शम्भू सिंह, उनकी पत्नी उषा सिंह तथा पड़ोस में रहने वाली मंजू रानी साह (पति इंदु साह) के रूप में हुई है। तीनों कटिहार के बैगना के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे में घायल लोगों की पहचान सत्यम उर्फ रुद्र (14 वर्ष), हर्षिता कुमारी (5 वर्ष) और गोलू कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी घायलों को मनिहारी अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉ. राकेश परासर ने उनका उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तीनों को कटिहार रेफर कर दिया गया।
वहीं, तीनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा गया है।गंगा स्नान के लिए निकले लोगों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।