विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर टेढ़ागाछ प्रखंड प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को बीडीओ अजय कुमार, अंचलाधिकारी शशि कुमार एवं थानाध्यक्ष दिलशाद खान ने प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, बिजली, रोशनी तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों एवं स्थानीय लोगों को छठ पूजा से पूर्व सभी घाटों की समुचित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग लगाने, खतरे के संकेतक लगाने तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त रखने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही संबंधित कर्मियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने को कहा गया।