उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुवाड़ी में प्रधानाध्यापक भगवान चौधरी व रसोईया शांति देवी को भावभीनी विदाई, सम्मान समारोह में छलकीं आंखें।

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुवाड़ी परिसर में शनिवार को विद्यालय परिवार की ओर से विदाई सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह समारोह विद्यालय के प्रधानाध्यापक भगवान प्रसाद चौधरी एवं विद्यालय की रसोईया शांति देवी के सेवा निवृत्त होने के अवसर पर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार, अभिभावकों, छात्र-छात्राओं तथा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक- शिक्षिकाओं की उपस्थिति ने समारोह को गरिमामय बना दिया।समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुई। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक जीवेश्वर प्रसाद सिंह ने किया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को भावनात्मक और अनुशासित ढंग से आगे बढ़ाया। जैसे ही प्रधानाध्यापक भगवान चौधरी और रसोईया शांति देवी मंच पर पहुंचे, पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस दौरान कई शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं भावुक नजर आए और नम आंखों से अपने प्रिय शिक्षकों को विदाई दी।अपने संबोधन में शिक्षकों ने कहा कि प्रधानाध्यापक भगवान प्रसाद चौधरी ने अपने लंबे सेवाकाल में विद्यालय को न केवल शैक्षणिक रूप से मजबूत किया, बल्कि अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों की मजबूत नींव भी रखी। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रयासरत रहकर विद्यालय को नई पहचान दिलाई।

वहीं रसोईया शांति देवी के योगदान को भी सभी ने सराहा और कहा कि उन्होंने वर्षों तक अपने कर्तव्य का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए बच्चों को स्नेहपूर्वक भोजन परोसा, जिससे विद्यालय परिवार को एक पारिवारिक वातावरण मिला।सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाध्यापक भगवान चौधरी को फूल-मालाओं, गुलदस्ता एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं ने अपने प्रिय गुरु को गुरु दक्षिणा के रूप में उपहार भेंट किए, जिससे माहौल और भी भावुक हो गया।

बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत और संदेशों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक भगवान प्रसाद चौधरी ने कहा कि विद्यालय और बच्चों के साथ बिताए गए वर्ष उनके जीवन की सबसे अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार, सहकर्मियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा निवृत्ति के बाद भी उनका जुड़ाव शिक्षा और समाज से बना रहेगा। वहीं शांति देवी ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय परिवार को धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने भी अपने-अपने विचार रखे। कार्यक्रम में नंद कुमार, मदन सिंह, अनूप कुमार दास, मनोज कुमार मंडल, जगमोहन दास, रफीक आलम, मो. ऐनुल हुदा, अकबर आलम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

विद्यालय परिवार की ओर से राघवेंद्र कुमार तिवारी, मो. जकी अनवर, परमेश्वर प्रसाद, परमानंद सिंह, भूपेंद्र प्रसाद, वीरेंद्र कुमार शाह, राजकुमार मंडल, शाइस्ता बेगम, रविंद्र शर्मा,मनोज कुमार समेत अन्य शिक्षक- शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।समारोह के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से दोनों सेवा निवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई और सामूहिक रूप से स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें विदाई दी गई। यह विदाई सह सम्मान समारोह विद्यालय के इतिहास में एक भावनात्मक और यादगार क्षण के रूप में हमेशा याद रखा जाएगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई