स्वर्गीय रामविलास पासवान की स्मृति में खगड़ा स्टेडियम में हो रहा आयोजन, महिला फुटबॉल टूर्नामेंट कराने की भी घोषणा
संवाददाता : मनोवर आलम
किशनगंज। शहर के खगड़ा स्थित शहीद अशफाक उल्लाह खान स्टेडियम में सोमवार को सीमांचल गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आगाज हुआ। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पद्मभूषण से सम्मानित स्वर्गीय रामविलास पासवान की स्मृति में आयोजित इस टूर्नामेंट का उद्घाटन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। उद्घाटन मुकाबले में बंगाल के मालदा और बिहार के किशनगंज की टीम आमने-सामने हैं। टूर्नामेंट को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन माता गुजरी यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान तथा वार्ड पार्षद सह लोजपा नेता मोहम्मद कलीमुद्दीन सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद अतिथियों ने मैदान में उतरकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर आयोजनकर्ता एवं लोजपा नेता मोहम्मद कलीमुद्दीन ने कहा कि वह छात्र जीवन से ही स्वर्गीय रामविलास पासवान के प्रशंसक रहे हैं। उन्हीं की स्मृति में फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भविष्य में महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का भी आयोजन किया जाएगा।
वहीं, माता गुजरी यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनसे खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। उन्होंने दोनों टीमों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष त्रिलोक चंद जैन, पार्षद प्रतिनिधि शमशुल हुदा, धनंजय जायसवाल, राज कुमार डोगरा, मिक्की साहा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सीमांचल गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने के साथ ही क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति युवाओं का उत्साह बढ़ने की उम्मीद है।