श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा
संवाददाता/किशनगंज
लोक आस्था के महान पर्व छठ को लेकर तैयारियों का सिलसिला तेज हो गया है। इसी कड़ी में वार्ड संख्या 30 स्थित डुमरिया में रविवार को डुमरिया काली मंदिर छठ घाट के निर्माण हेतु भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों और कमिटी के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।भूमि पूजन का अनुष्ठान पंडित राजेश मिश्रा द्वारा विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद दीपाली सिंह, पार्षद प्रतिनिधि राजा सिंह, साधु, शशांक सिंह सहित अन्य सदस्य विशेष रूप से मौजूद रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी ने पूजा-अर्चना कर छठ घाट निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।कमिटी के राजा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष काली मंदिर छठ घाट समिति के द्वारा नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान के सक्रिय सहयोग से भव्य छठ घाट का निर्माण कराया जा रहा है। समिति का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि व्रतधारियों और पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद घाट को बेहद आकर्षक रूप से सजाया जाएगा, जिससे आने वाले भक्तों को एक दिव्य और अलौकिक अनुभव प्राप्त हो सके। इसके साथ ही, स्थानीय लोगों और बच्चों के मनोरंजन के लिए घाट के समीप एक भव्य मेला लगाए जाने की भी योजना बनाई गई है, जिससे पर्व के दौरान उत्सव का माहौल और अधिक उमंग भरा रहे। इस पहल से स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।