न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज में आग लगने से हजारों का नुकसान: कई मवेशी और अनाज जलकर राख

संवाददाता/ किशनगंज

जिले के बहादुरगंज प्रखंड क्षेत्र के मोहम्मदनगर पंचायत के बालूवाड़ी अंतर्गत वार्ड संख्या 3 में देर रात्रि भीषण आग लगने से एक गरीब विधवा का सब कुछ उजड़ गया। जहां शनिवार को मौके पर अंचल के कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर मामले का निरीक्षण किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता मेहरुन निसा, पति स्वर्गीय सजेबुल रहमान ने शनिवार शाम को थाना में दिए आवेदन में बताया है कि बीते देर रात उसके घर में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि घर में बंधी 2 बकरी और 25 मुर्गी जलकर राख हो गई, जबकि दो गाय भी बुरी तरह झुलस गई। साथ ही घर में रखा अनाज और कपड़ा भी जलकर नष्ट हो गया है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तबतक सब कुछ जलकर राख हो गया था। इस घटना के दौरान गरीब विधवा महिला घर में सो रही थी, जैसे ही आग लगी उन्हें ग्रामीणों ने बचाया, हालांकि उन्हें कोई चोट नहीं आई है।

पीड़ित मेहरुन निसा और उनके बेटे मुजाहिद आलम ने बताया कि वह एक गरीब विधवा है और उसी पशु-पालन से उसके परिवार का गुजारा चलता था। इस हादसे के बाद वह पूरी तरह बेसहारा हो गई है।

पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि विभागीय पदाधिकारी से घटना की जांच कराकर उसे उचित मुआवजा दिया जाए। इस घटना के बाद से गांव में भी सहानुभूति का माहौल है। वही अंचल अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते मौके पर अंचल कर्मचारी को भेजा गया है और मामले का रिपोर्ट तैयार कर लिया गया है साथ ही आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Comment