सिलीगुड़ी जाने वाले यात्रियों ने रेल प्रशासन से की शुद्ध पेयजल और शौचालय में पानी की व्यवस्था बहाल करने की मांग।
टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ रेलवे हाल्ट पर यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल और शौचालय में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे हाल्ट पर बुनियादी सुविधाओं के अभाव में रेल यात्रियों को कठिनाइयों के बीच अपनी यात्रा करनी पड़ रही है। यात्रियों ने संबंधित विभाग एवं रेल प्रशासन से जल्द से जल्द आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
शनिवार की सुबह सिलीगुड़ी जाने के क्रम में रेलवे हाल्ट पर मौजूद यात्री सुमन कुमार, अमरजीत कुमार, अबू रेहान, दिलीप कुमार, अफरोज आलम, किशोर कुमार, तौकीर आलम और रंजीत कुमार सिंह सहित दर्जनों यात्रियों ने अपनी समस्याएं रखीं।
यात्रियों का कहना है कि रेलवे हाल्ट पर पीने के लिए शुद्ध पानी उपलब्ध नहीं होने से उन्हें काफी दिक्कत होती है। वहीं, शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं रहने के कारण शौचालय का उपयोग करने में भी परेशानी उठानी पड़ती है।
यात्रियों ने बताया कि रेल यात्रा के दौरान शुद्ध पेयजल और साफ-सुथरे शौचालय की सुविधा अत्यंत आवश्यक है। खासकर सुबह के समय सिलीगुड़ी सहित अन्य स्थानों की ओर जाने वाले यात्रियों को इन सुविधाओं के अभाव में परेशानी झेलनी पड़ती है। रेलवे हाल्ट पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना यात्रियों की सुविधा और स्वच्छता के लिहाज से जरूरी है।
यात्रियों ने संबंधित विभाग और रेल प्रशासन से मांग की है कि टेढ़ागाछ रेलवे हाल्ट पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था शुरू कराई जाए तथा शौचालय में नियमित पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, शौचालय की साफ-सफाई और रखरखाव पर भी ध्यान दिया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। अब देखना यह है कि यात्रियों की इस मांग पर संबंधित विभाग और रेल प्रशासन कब तक पहल करता है और टेढ़ागाछ रेलवे हाल्ट पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।