गांधीग्राम में गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई, इंजन और चेचिस नंबर से हुई चोरी की पुष्टि; न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल
बरारी /कटिहार – चोरी की मोटरसाइकिलों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बरारी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांधीग्राम में छापेमारी कर हीरो कंपनी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने इंजन और चेचिस नंबर की जांच की, जिसमें मोटरसाइकिल के चोरी की होने की पुष्टि हुई। इस मामले में पुलिस ने ललित कुमार उर्फ कुंडू को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बरारी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांधीग्राम निवासी ललित कुमार उर्फ कुंडू, पिता स्वर्गीय उपेंद्र मंडल, के घर पर चोरी की मोटरसाइकिल रखी हुई है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई।इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल के इंजन और चेचिस नंबर के आधार पर उसकी जांच की। जांच में बाइक चोरी की होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ललित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। छापेमारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक गोपाल कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कौशल कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक राजनेता कुमार के साथ सिपाही सुषमा कुमारी, सोनी कुमारी, प्रिंस कुमार एवं मंचन पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।बरारी पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी के वाहनों की बरामदगी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयासों को बल मिला है।