बरारी /कटिहार – रविवार को गंगा समग्र के स्वयंसेवकों ने काढ़ागोला घाट पर 379 वां साप्ताहिक स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान घाट परिसर की सफाई कर लोगों को गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।अभियान के बाद घाट पर भगवान परशुराम जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
स्वयंसेवकों ने भगवान परशुराम के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर जिला सहसंयोजक मनोज साह,आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता, घाट प्रमुख राजकुमार साह, राहुल राज, संजू राय, रूदल मंडल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी बाबा के आवास पर अक्षय तृतीया के अवसर पर हवन का आयोजन किया गया। इसमें मनोज साह समेत कई स्वयंसेवकों ने भाग लिया। हवन के दौरान भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा की गई तथा बाद में जरूरतमंदों के बीच दान-पुण्य किया गया।
इधर वैशाख शुक्ल तृतीया के पावन अवसर पर बरारी प्रखंड के विभिन्न मंदिरों में अक्षय तृतीया का पर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। गुरुबाजार स्थित रामजानकी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
भक्तों ने कतार में लगकर दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजा संपन्न कराई गई। वहीं इस दिन आभूषण खरीदना शुभ मानते हुए ज्वेलरी दुकानों में भी महिलाओं की अच्छी भीड़ देखने को मिली। जिला संयोजक नवीन चौधरी बाबा ने बताया कि भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के छठे अवतार माने जाते हैं। उनका जीवन अन्याय के खिलाफ संघर्ष और धर्म की रक्षा का संदेश देता है।





























