दूसरे ही प्रयास में मारी बाजी नीट परीक्षा की पास
पिता का सपना हुआ साकार
मनसाही/कटिहार – दो साल की कड़ी मेहनत एवं मात्र 19 साल के उम्र में दोहरे प्रयास में ही नीट परीक्षा पास कर मुस्कान ने अपने गांव हफलागंज एवं कटिहार जिले का नाम रोशन कर दिया हैं । नीट की परीक्षा में मुस्कान ने 6139 वां रैंक लाकर जहां सबको चौंका दिया वहीं कम उम्र और कम समय में ऐसी सफलता हासिल कर अन्य परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं ।
कटिहार सदर प्रखंड के हफलागंज निवासी पूर्व वार्ड सदस्य अनंत कुमार मंडल एवं अंजना देवी की पुत्री मुस्कान कुमारी गरीबी के बीच ऑनलाइन पढ़ाई करने के साथ-साथ रोज आठ से दस घंटे तक सेल्फ स्टडी करती थी। मुस्कान तीन भाई बहनों में सबसे छोटी हैं ।
अपनी इस सफलता पर उन्होंने कहा कि उनके और उनके पिता का बचपन से ही सपना था कि वे डॉक्टर बने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए वे बचपन से ही तन मन से पढ़ाई में जुट गई थी 2022 में मैट्रिक की परीक्षा में जब 94.6 फीसदी मार्क्स मिला तो उनका हौसला और बढ़ता गया और 2024 में इंटर की परीक्षा में 90.2 प्रतिशत अंक लाने के बाद 2025 में पहली बार नीट की परीक्षा में बैठी। मगर अच्छा रैंक नहीं रहने से अच्छे कॉलेज में नामांकन लेना संभव नहीं था। इसलिए उन्होंने 2026 में पुनः नीट की परीक्षा में बैठी और दूसरे ही प्रयास में 6139 रैंक लाकर अच्छे मेडिकल कॉलेज में दाखिला लेने का सपना भी पूरा हो गया हैं ।
उन्होंने नीट एवं अन्य प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं से लगन से पढ़ाई करने और मोबाइल का सही कार्य में सदुपयोग करने की अपील की। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता,दो भाईयों एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया हैं । उनकी सफलता पर पंचायत के मुखिया मुकेश पासवान,सरपंच नित्यानंद पासवान,पंचायत समिति सदस्य गुलाम मुस्तफा आदि जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध लोगों ने उन्हें उनकी सफलता के लिए बधाई दी हैं ।






















