विधायक मनोहर प्रसाद सिंह बोले- शिक्षा से ही विकसित होगा बिहार
मनिहारी /कटिहार- मनिहारी प्रखंड के लहरू स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय, नवाबगंज में शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक दीपक रंजन सिन्हा एवं शिक्षकों ने अतिथियों का बुके और पुष्पमाला देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत कर की गई।वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा 551 सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालयों का उद्घाटन एवं विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने कहा कि “शिक्षा किसी भी समाज और राज्य के विकास की सबसे मजबूत नींव है।
राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालयों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा और उनका भविष्य उज्ज्वल होगा।”
उन्होंने कहा कि मनिहारी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य सहित आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मौके पर प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सह जदयू नेता मंजय साह, प्रधानाध्यापक दीपक रंजन सिन्हा, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।






















