नाला जाम होने से वार्ड संख्या 12 में जलजमाव, ग्रामीण परेशान

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ मुख्यालय स्थित हाटगांव पंचायत के वार्ड संख्या 12 में नाला जाम होने से जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण मुख्य सड़क तालाब का रूप ले चुकी है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि नाले की समय पर सफाई नहीं होने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित है, जिसके कारण घरों और गलियों में गंदा पानी जमा हो गया है।

जलजमाव से क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें पानी से भरी सड़क पार कर विद्यालय जाना पड़ रहा है। अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। वहीं नमाजियों को मस्जिद आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य राहगीरों को भी रोजमर्रा के कार्यों के लिए जलजमाव से होकर गुजरना पड़ रहा है।


स्थानीय समिति के प्रतिनिधि ने बताया कि इस समस्या की जानकारी कई बार प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक नाला सफाई और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लगातार बारिश के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन और गंभीर होती जा रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब नाले की सफाई कराने तथा स्थायी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के दौरान हालात और विकट हो सकते हैं।

इधर, स्वच्छता पर्यवेक्षक शंभू मोदक ने बताया कि समस्या की जानकारी मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सोमवार को वार्ड संख्या 12 सहित जिन गांवों की सड़कों और आंगनों में जलजमाव की समस्या है, वहां नालों की सफाई कर पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!