सागर चंद्रा/किशनगंज
टाउन थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय महिला को पहले पति से तलाक दिलाने के बाद शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। युवक के द्वारा लगातार दुष्कर्म किये जाने के बाद पीड़िता ने जब उसपर शादी करने का दबाव बनाया तो युवक उसे बहला-फुसलाकर कर दिल्ली ले गया। जहां वह पीड़िता से रुपये और गहने लेकर फरार हो गया। कुछ दिनों तक दिल्ली में भटकने के बाद वह किसी तरह अपने घर वापस लौटी और मामले की शिकायत लेकर महिला थाने जा पहुंची।
जहां पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पूर्व से शादीशुदा पीड़िता की दोस्ती तीन वर्ष पूर्व सालकी लोहाडांगा निवासी कौशर आलम उर्फ नया बाबु (20) पिता आसिफ के साथ हुई थी। जिसके बाद दोनों अक्सर मोबाइल से बातें किया करते थे। गत 7 जनवरी को जब पीड़िता अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान कौसर उसके घर पहुंचा और पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया।
घटना के बाद उसने पीड़िता को पहले पति से तलाक दिलाने के बाद शादी कर लेने का झांसा दिया। जिससे पीड़िता उसके झांसे में आ गई। जबकि आरोपी लगातार पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने लगा। लेकिन पीड़िता के द्वारा शादी करने का दबाव बनाने पर टालमटोल करने लगा। आखिरकार गत 11 जून को जब कौसर ने दिल्ली जाकर शादी करने का झांसा दिया तो पीड़िता अपने घर से रुपये और गहने लेकर कौसर के साथ दिल्ली चली गई।
जहां होटल के एक कमरे में कौसर उसके साथ चार दिनों तक दुष्कर्म करता रहा। उसने पीड़िता से 5 लाख रूपये, 3 भरी सोने के जेवरात और 20 भरी चांदी का पायल लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब पीड़िता ने कौसर को फोन किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया था। परिजनों के कहने पर कौसर पीड़िता को दिल्ली में अकेले छोड़कर घर वापस आ गया था।
घटना के बाद जब पीड़िता ने कौसर के परिजनों को फोन किया तो उन्होंने पीड़िता को हत्या करने की धमकी तक दे डाली। दिल्ली में कुछ दिनों तक अकेली भटकने के बाद वह किसी तरह घर वापस लौटी और न्याय की गुहार लगाने महिला थाने पहुंच गई।
महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी को गिरफ्तारी करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
























