बेटिकट सफर पड़ा महंगा, कटिहार रेल मंडल में दो दिवसीय अभियान में 219 यात्रियों से वसूला गया जुर्माना

SHARE:

₹1.89 लाख जुर्माना वसूला

कटिहार – कटिहार रेल मंडल में बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए दो दिवसीय सघन टिकट जांच अभियान चलाया। रेल में सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में रेलवे मजिस्ट्रेट श्री गौरव के संयुक्त नेतृत्व में चले इस विशेष दो दिवसीय अभियान के दौरान कटिहार स्टेशन, कटिहार– किशनगंज तथा कटिहार – मनिहारी रेलखंड पर अलग-अलग टीमों ने दर्जनों मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों में सघन चेकिंग की गई।

इस दो दिवसीय अभियान के दौरान रेल प्रशासन द्वारा कुल 219 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़कर रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया है जहां रेलवे मजिस्ट्रेट श्री गौरव द्वारा सभी को आर्थिक दंड की सजा दी गई। जिस दौरान कुल 1,89,655 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। जुर्माना अदा करने के बाद पकड़े गए सभी लोगों को मुक्त कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार इस चेकिंग के दौरान साप्ताहिक अरुणाचल एक्सप्रेस से ही 33 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े गए। लगातार चल रही इस तरह की कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा कर रेलवे राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों में हड़कंप मच गया है। इससे पहले भी रेलवे मजिस्ट्रेट श्री गौरव के नेतृत्व में राजधानी एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाकर कैंप कोर्ट के तहत लाखों रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है।

सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि बिना टिकट यात्रा करना एक दंडनीय अपराध है जिसके लिए उन्हें रेलवे एक्ट के तहत जेल भी जाना पर सकता है। इसलिए वे हमेशा उचित टिकट लेकर ही अपनी सुखद यात्रा को सुनिश्चित करें। रेल में यह चेकिंग अभियान आगे भी ज़ारी रहेगा। इस अभियान के दौरान रेलवे कोर्ट के पेशकार कुलदीप सिन्हा, नवीन कुमार, प्रिंस, आदित्य, शशि सहित आरपीएफ एवं जीआरपी के सुरक्षा बलों के साथ वाणिज्य विभाग के दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!