बिहार सरकार की सात निश्चय-3 योजना के अंतर्गत राज्य के 551 मॉडल विद्यालयों (कक्षा 9 से 12) का उद्घाटन आज मुख्यमंत्री द्वारा बेगूसराय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस अवसर का सीधा प्रसारण पूरे बिहार के साथ-साथ किशनगंज जिले के सभी चयनित विद्यालयों में भी किया गया, जहाँ जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।
किशनगंज जिले में चयनित 07 विद्यालयों को अब “सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय)” के रूप में विकसित किया जाएगा। जिले में आयोजित मुख्य कार्यक्रम सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), किशनगंज (पूर्व इंटर उच्च विद्यालय, किशनगंज) में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी नवीन कुमार, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, विधायक कमरुल होदा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन आदर्श विद्यालयों में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएँ, उन्नत आधारभूत संरचना तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के अनुरूप वातावरण विकसित किया जाएगा, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान गुणवत्ता की शिक्षा उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।



























