शिक्षा सेवक/तालिमी मरकज प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर रखीं प्रमुख मांगें।

SHARE:

टेढ़ागाछ/किशनगंज: विजय कुमार साह

शिक्षा सेवक/तालिमी मरकज संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अंसारी एवं प्रदेश सचिव तारिक अनवर ने राज्य की नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा सेवक एवं तालिमी मरकज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए अपनी मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया तथा एक आवेदन पत्र भी सौंपा।


प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के दौरान कहा कि शिक्षा सेवक एवं तालिमी मरकज कर्मी राज्य के शैक्षणिक ढांचे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, खासकर ग्रामीण एवं पिछड़े इलाकों में शिक्षा के प्रसार में उनका योगदान सराहनीय है। इसके बावजूद उनकी समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिन पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराना आवश्यक है। उन्होंने मानदेय में वृद्धि, सेवा शर्तों में सुधार, स्थायित्व तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित मांगों को विस्तारपूर्वक रखा।


मोहसिन अंसारी ने बताया कि नई सरकार से शिक्षा सेवक एवं तालिमी मरकज कर्मियों को काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करती है, तो इससे न केवल कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि शिक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। वहीं प्रदेश सचिव तारिक अनवर ने भी मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि शिक्षा के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे कर्मियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मियों की भूमिका अहम है और सरकार इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस पहल को लेकर किशनगंज जिला इकाई संघ में खुशी का माहौल है। जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार एवं जिला सचिव मो. नासिर हुसैन ने संयुक्त रूप से मोहसिन अंसारी एवं तारिक अनवर के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस पहल से जिले के शिक्षा सेवक एवं तालिमी मरकज कर्मियों की आवाज सरकार तक पहुंची है, जो एक सकारात्मक संकेत है।
जिला इकाई संघ ने उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द ही उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लेकर शिक्षा सेवक एवं तालिमी मरकज कर्मियों को राहत प्रदान करेगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई