पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर हत्याकांड का किया उद्भेदन
किशनगंज /प्रतिनिधि
किशनगंज जिले के पौआखाली थाना क्षेत्र में सत्यवान मुर्मू हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा करने में सफलता हासिल किया है। पुलिस ने हत्या में शामिल मृतक की बहू बसंती हेम्ब्रम और उसके प्रेमी मो. चाँद उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब हो कि 26 अप्रैल को मक्के की खेत से सत्यवान मुर्मू का शव बरामद किया गया था। जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया। जिसके बाद गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान के जरिए महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किया।
पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने सोमवार को पत्रकार वार्ता कर बताया कि जांच में सामने आया कि हत्या में मृतक की बहू बसंती हेम्ब्रम और उसके प्रेमी मो. चाँद उर्फ छोटू की संलिप्तता है। पुलिस ने दोनों के घरों पर छापेमारी कर बसंती हेम्ब्रम, पति-विश्वनाथ मुर्मू, निवासी काशीबाड़ी आदिवासी टोला, थाना पौआखाली और मो. चाँद उर्फ छोटू, उम्र 32 वर्ष, पिता स्व. अब्दुल रसीद आलम, निवासी रूईधासा खानका वार्ड नं-23, थाना किशनगंज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि मृतक सत्यवान मुर्मू, बहू के अवैध संबंध से नाराज थे।
मृतक ने कई बार बसंती को समझाया था कि अगर वह नहीं मानी तो अपनी जमीन बेटी के नाम कर देगा। कुछ दिनों बाद बंदोबस्ती शिविर लगने वाला था, जिसमें मृतक जमीन पुत्री के नाम करने वाला था। इसी बात को लेकर दो दिन पहले मृतक और बहू के बीच झगड़ा भी हुआ था। इसके बाद बसंती ने अपने प्रेमी चाँद के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। चाँद ने मृतक को अपनी दुकान पर बुलाया।
पहले शराब पिलाई। फिर मकई के खेत में ले जाकर धारदार दबिया से हमला कर हत्या कर दी। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने एक खून से सना दबिया, मृतक की लुंगी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने कहा कि स्पीडी ट्रायल चला कर दोनों आरोपियों को सजा दिलवाई जाएगी ।पत्रकार वार्ता में एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।