प्राणपुर/कटिहार-एनडीए की राज्य सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के सर्वांगीण विकास को लेकर कृतसंकल्प है।सरकार चुनाव में किये गये वादों को पूरा करने में विश्वास रखती है।राज्य में कानून का राज्य स्थापित है,तो न्याय के साथ विकास का क्रम अनवरत जारी है।और यह नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में आगे भी जारी रहेगा।
उक्त बातें बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री के समृद्धि यात्रा के दौरान प्राणपुर प्रखंड अन्तर्गत बड़झल्ला काली मंदिर के परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।उन्होंने जय श्रीराम और वंदेमातरम के जय घोष करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में श्री रामजी का मंदिर बना है तो बिहार के सीतामढी में माॅ जानकी भव्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार छात्र आंदोलन एवं समाजवादी आंदोलन की उपज है।जिनके 50 वर्षों के राजनीतिक अनुभवों का लाभ प्रदेश को मिल रहा है।उन्होंने बिहार को विनाश से विकास के रास्ते पर लाने का जो संकल्प लिया है,एनडीए की सरकार उसके साथ है।नतीजा बिहार के साथ जिले का चौतरफा विकास हो रहा है।उन्होंने कहा कि रेल के क्षेत्र में कटिहार जंक्शन तो था हीं अब सड़को विकास से सड़क का भी जंक्शन बन जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से मिले आशीर्वाद से जल्द हीं बिहार की गिनती विकसित राज्य में होने लगेगी।उन्होंने कहा कि सरकार बच्चे, बूढ़े,नौजवान, महिला, अल्पसंख्यकों के साथ किसान,उद्यमी एवं मजदूरों के हितों को समान रुप से ध्यान में रखकर योजना बना रही है।केन्द्र सरकार का भी राज्य सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है।जिसका फलाफल राज्य के सभी क्षेत्रों में देखा जा रहा है।
इसका श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जाता है। यात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री के साथ जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा भी की समीक्षा बैठक में सभी विभागों के मुख्य सचिव,मुख्यमंत्री के सचिव डा.चंद्रशेखर सिंह,आयुक्त पूर्णियां राजेश कुमार,पुर्णियाॅ क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक कुमार आशीष ,जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।




























