फलका /कटिहार – फलका प्रखंड के हथवाड़ा पंचायत स्थित फुलडोभी गांव के साधारण किसान कन्हैया सिंह के पुत्र सन्नी राज सन्नी ने संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा में अपने प्रथम प्रयास में ही 526 वां रैंक हासिल कर भारतीय प्रशासनिक सेवा आईएएस में जगह बनाने के बाद जब सन्नी राज सन्नी पहली बार अपने पैतृक गाँव पहुँचे तो पूरे इलाके में उत्सव का माहौल दिखा।
उनके स्वागत में जनसैलाब उमड़ पड़ा और ग्रामीणों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर स्वागत किया।सन्नी की सफलता पर हथवाड़ा पंचायत सरकार भवन में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। स्थानीय मुखिया भारती कुमारी और प्रतिनिधि गौतम मालाकार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सन्नी राज सन्नी के साथ-साथ उनके माता-पिता कन्हैया कुमार सिंह व किरण देवी और भाई मनीष कुमार सिंह को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मुखिया द्वारा सन्नी और उनके परिजनों को अंग वस्त्र, बुके और मिठाई खिलाकर हौसला अफजाई की गई।जब सन्नी को सम्मानित किया जा रहा था, तो उनकी माँ किरण देवी की आँखों से खुशी के आँसू छलक पड़े, जो उनके बेटे के वर्षों के कठिन परिश्रम और संघर्ष की गवाही दे रहे थे।इस दौरान मुखिया ने कहा हमारे पंचायत के होनहार पुत्र ने देश की सबसे कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
यह केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि हम सभी ग्रामवासियों की सामूहिक जीत है।सन्नी राज सन्नी की सफलता को लेकर राज्य महादलित आयोग अध्यक्ष मनोज ऋषि, जिला पार्षद वंदना कुमारी, विवेक मालाकार, दुर्गा प्रसाद सिंह, सिकंदर महतो,प्रमोद झा, प्रमोद चौधरी, श्रवण चौहान, वीरेंद्र यादव, सिकंदर यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवाओं ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं एक ईमानदार अधिकारी के रूप में देश सेवा करने की कामना की।




























