किशनगंज जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता, कालाबाजारी रोकने हेतु धावा दल गठित

SHARE:

कालाबाजारी करने वाले पर होगी कठोर कार्रवाई

किशनगंज/प्रतिनिधि

वर्तमान में घरेलू ईंधन संकट को लेकर फैल रही विभिन्न भ्रामक सूचनाओं के संदर्भ में पेट्रोलियम एजेंसियों द्वारा स्पष्ट किया गया है कि राज्य सहित किशनगंज जिले में घरेलू उपयोग के लिए रसोई गैस सिलेंडर का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। अतः आम उपभोक्ताओं को घबराने अथवा गैस एजेंसियों के यहां अनावश्यक रूप से भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है।

ज़िला पदाधिकारी श्री विशाल राज ने बताया कि किशनगंज जिले में वर्तमान में लगभग 9000 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। तथा इसकी निरंतर और निर्बाध आपूर्ति हो रही है । जिले में कुल 33 गैस डिस्ट्रीब्यूटर कार्यरत हैं, जिनमें आईओसीएल (IOCL) के 15, एचपीसीएल (HPCL) के 09 तथा बीपीसीएल (BPCL) के 09 डिस्ट्रीब्यूटर शामिल हैं। जिले में उपलब्ध गैस में लगभग 98 प्रतिशत घरेलू गैस तथा 2 प्रतिशत कमर्शियल गैस है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। आम उपभोक्ता को चिंता करने की कोई बात नही है ।

उपभोक्ताओं की सुविधा तथा गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से सरकार द्वारा यह व्यवस्था लागू की गई है कि किसी भी घरेलू उपभोक्ता को अंतिम गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों के पश्चात ही अगले गैस सिलेंडर की बुकिंग करने की अनुमति होगी। बुकिंग दर्ज होने के पश्चात 2 से 3 दिनों के भीतर घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा घरेलू गैस आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही किशनगंज जिले में गैस की कालाबाजारी की रोकथाम हेतु विशेष धावा दल का गठन किया गया है, जो समय-समय पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा।

जिला प्रशासन द्वारा आम उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें, भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें तथा गैस वितरकों के यहां अनावश्यक भीड़ न लगाएँ। घरेलू गैस वितरण प्रणाली को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा निरंतर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई