शिक्षा,स्वास्थ्य,बिजली एवं सड़कों के विकास में बिहार अग्रणी: सीएम नीतीश कुमार

SHARE:

जाति,धर्म और लिंग का भेदभाव किये बना कराया गया समावेशी विकास–सीएम

समृद्धि यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री का काफिला पहुंचा बड़झल्ला

नितीश कुमार ने गिनाया बिहार सरकार के काम तो पिछली सरकारों पर कसा तंज

कटिहार –समृद्धि यात्रा को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र अवस्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति तिनगछिया पहुंचे।जहां उन्होंने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से फेज-2 के अंतर्गत कराये गये जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया।मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान प्रगति यात्रा के क्रम में की गयी घोषणाओं तथा जिला अंतर्गत विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया।

उसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला सड़क मार्ग से प्राणपुर प्रखंड के बड़झल्ला पहुंचा।जहां काली मंदिर के प्रांगण में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित किया।इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, प्राणपुर विधायक निशा सिंह, कोढा कविता पासवान, कदवा दुलाल चंद्र गोस्वामी, बरारी विधायक विजय सिंह निषाद,बारसोई संगीता देवी, पुर्व राज्यसभा सांसद डाॅ. अहमद अशफाक करीम मुख्य रुप से साथ रहे।

अपने संबोधन में सीएम ने 2005 से पहले के बिहार की तुलना आज के बिहार से करते हुए कहा कि राज्य में बिना धर्म,जाति,लिंग और क्षेत्र का भेदभाव किये चौतरफा विकास हुआ है।उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन निर्माण,शिक्षकों की नियुक्ति, प्रत्येक पंचायत में उच्च विद्यालय की स्थापना,साइकिल योजना,पोशाक योजना, स्कॉलरशिप जैसी योजना से खासकर बालिका शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।

अब सभी प्रखंडों में डिग्री कालेज खोलने की योजना पर काम हो रहा है।उन्होंने कहा कि 2005 से पहले लोग शाम को घर से नहीं निकलते थे।डर एवं भय का साम्राज्य था।लेकिन एनडीए की सरकार बनते हीं सबसे पहले विधि-व्यवस्था दुरुस्त किया गया। प्रशासन के स्वतंत्र रुप से काम करने के कारण जाति एवं साम्प्रदायिक दंगे होने हीं नही दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि कृषि रोडमैप के तहत किसानों को उत्तम बीज एवं खाद उपलब्ध हो रहा है,तो 75 पैसे प्रति युनिट बिजली मिलने तथा नवीनतम तकनीक शामिल किये जाने से खेती का काम आसान हुआ है।मछली उत्पादन में तो राज्य आत्मनिर्भर बन गया है।उन्होंने कहा कि राज्य में हर घर तक बिजली पहुंचाने के बाद प्रयिमाह 125 युनिट बिजली फ्री में दिये जाने से आमजनों को काफी राहत मिली है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और राज्य मार्गो की संख्या में वृद्धि से सरल आवागमन एवं रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि हुई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी काफी काम हुआ है।सभी सीएचसी को विशिष्ट स्वास्थ्य केन्द्र में और सदर अस्पताल को अतिविशिष्ट स्वास्थ्य केन्द्र में अपग्रेड करने की तैयारी चल रही है।ताकि सुलभ स्वास्थ्य-सुरक्षित जीवन का संकल्प पूरा हो सके।राज्य में 6 मेडिकल काॅलेज की जगह 12 मेडिकल कालेज बन गया है।जबकि और 6 का काम प्रगति पर है।

पटना मेडिकल कालेज में 5400 बेड का बनाया जाएगा।ऐसा पूरे देश में कहीं नहीं है।उन्होंने सभी सरकारी डाक्टरों के प्राइवेट प्रैक्टिस पर रोक लगाने की कवायद शुरु है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढाकर 1100 रुपये प्रतिमाह कर देने से वृद्धजन,विधवा एवं दिव्यांगजनों को काफी राहत मिल रही है।उन्होंने कहा कि विपक्षी आरक्षण का ढोल हीं पीटते हैं।

लेकिन एनडीए की सरकार ने पंचायती राज संस्थानों में 50 फीसदी तथा सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को समाज की मुख्यधारा में शामिल करने काका किया है।कब्रिस्तानों की घेराबंदी हुई है तो 60 साल से अधिक पुराने मंदिरों को भी घेर कर सुरक्षित करने का काम हुआ है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का जीविका संगठन आज देश के लिए नजीर बन गया है।जीविका संगठन से जुड़कर महिलायें आत्मनिर्भर तो बन हीं रही हैं।वहीं उनमें आत्मसम्मान भी बढा है।रोजगार के लिए राज्य के 5,17,000 परिवारों को 10 हजार दिये गये हैं।जिनके कार्यों की समीक्षा कर उन्हें 2 लाख रुपये तक दिया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि समय समय पर निश्चित योजना चलाकर हर क्षेत्र में विकास की योजना शुरु की गई,जिसका साकारात्मक प्रभाव पडा है।7 निश्चय फेज -3 का मुख्य उद्देश्य उद्योग को बढावा देना,पलायन रोकना,रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और लोगों की आय दुगुनी कर जीवन को आसान बनाना है।उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में केन्द्र सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है प्रधानमंत्री स्वयं राज्य का दौरा कर समस्याओं से रूबरू होते हैं और सरकार के प्रयास को सफल बनाने में सरसंभव सहयोग करते हैं।

राज्य सरकार के मुखिया ने कहा कि एनडीए का लक्ष्य बिहार को विकसित राज्यों की पंक्ति में लाना है।हलांकि मुख्यमंत्री ने अपने राज्यसभा जाने को लेकर कुछ नहीं कहा जबकि कयास लगाया जा रहा था कि वे कुछ कहेंगे। एनडीए कार्यकर्ताओं एवं जीविका दीदियों ने उनसे बिहार छोड़कर नहीं जाने को लेकर हाथ उठा कर आग्रह किया।जिसे देखकर मुख्यमंत्री मुस्कुराते रहे।

जनसंवाद कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,जलसंसाधन मंत्री विजय चौधरी,पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने भी संबोधित किया।स्थानीय विधायक ने अपने क्षेत्र में अतिथियों का स्वागत किया। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गोरखनाथ धाम का प्रतीक चिह्न भेंट किया।इस दौरान पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी, नगर आयुक्त संतोष कुमार, एडीएम डाॅ.विनोद कुमार,उप विकास आयुक्त अमित कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री लगभग डेढ घंटे रुके और हेलिकाप्टर से प्रस्थान कर गये।इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद देखी गई।नगर आयुक्त संतोष कुमार के नेतृत्व में बाजार समिति स्थल के कार्यक्रम में विधि व्यवस्था चुस्त दुरुस्त देखा गया ।

रिपोर्ट:सतेंदु सुमन

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई