मनिहारी /कटिहार – नगर क्षेत्र स्थित हाई स्कूल मैदान में 23 मार्च से 30 मार्च तक भव्य श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर आयोजन समिति की ओर से तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। कथा कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं और धर्मानुरागियों के लिए बैठने, पेयजल,प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजन समिति के अध्यक्ष काजल मित्रा एवं संरक्षक डॉ.ओमप्रकाश पांडे ने बताया कि भागवत कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान और धर्म के संदेश से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कथा के पूर्व नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा की शुरुआत मनिहारी के पावन गंगातट से गंगाजल भरण के साथ होगी। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु,महिलाएं और कन्याएं भाग लेंगी।
इसके बाद गंगाजल लेकर श्रद्धालु नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेंगे। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
समिति के पदाधिकारियों ने नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भागवत कथा की ज्ञान गंगा में अवगाहन करने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।गुरुवार को हुई तैयारी की बैठक में प्रो.बीरेन्द्र सिंह,बंटी शर्मा, रंजीत गुप्ता सहित अन्य शामिल रहे।




























