बरारी /कटिहार – बरारी थाना क्षेत्र के पूर्वी बारीनगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 स्थित हाशिमपुर सीज टोला में गुरुवार को सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान एक 35 वर्षीय युवक की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
वहीं मृतक के घर में कोहराम मच गया।मृतक की पहचान गुरमेला पंचायत के जरलाही वार्ड संख्या 10 निवासी प्रेम यादव के पुत्र संतोष कुमार यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब नौ बजे संतोष कुमार यादव सक्शन मशीन टैंकर वाहन लेकर प्रखंड प्रमुख नास्तरा खातून के घर सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए पहुंचे थे।

उनके साथ सफाई कर्मी गोलू मल्लिक और साजन मल्लिक भी मौजूद थे। सफाई कार्य शुरू ही किया जा रहा था कि पाइप डालने के दौरान साजन मल्लिक का पैर अचानक फिसल गया और वह सेप्टिक टैंक में गिर पड़ा।साजन को बचाने के प्रयास में गोलू मल्लिक भी फिसलकर टैंक में गिर गए। दोनों की आवाज सुनकर टैंकर वाहन के पास खड़े संतोष कुमार यादव तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास करने लगे।
इसी दौरान संतोष का भी पैर फिसल गया और वह भी सेप्टिक टैंक में जा गिरे।काफी मशक्कत के बाद साजन मल्लिक और गोलू मल्लिक किसी तरह टैंक से बाहर निकल आए। लेकिन संतोष कुमार यादव बाहर नहीं निकल सके और टैंक में ही उनकी मौत हो गई।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल गोलू मल्लिक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरारी लाए गया। जहां उसका उपचार किया गया।स्थानीय लोगों और सफाईकर्मियों की मदद से संतोष को टैंक से बाहर निकाला गया।
इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना बरारी थाना पुलिस और परिजनों को दी।सूचना मिलते ही बरारी थाना के अपर थानाध्यक्ष छोटू कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इधर घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
संतोष कुमार यादव अपने पीछे पत्नी पूजा देवी, पुत्र सौरव और पुत्री अनुष्का को छोड़ गए हैं। गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है। इस सम्बन्ध में अपर थानाध्यक्ष छोटू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजा की गुहार लगाई है।




























