किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत झुनकी मुसहरा पंचायत स्थित काशलता शिव मंदिर परिसर में श्री श्री 108 अष्टयाम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर 48 घंटे के अखंड संकीर्तन का संकल्प लिया गया है, जिसके शुरू होते ही पूरा मंदिर परिसर तथा आसपास का क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया है।अष्टयाम के आरंभ के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचकर भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना में भाग ले रहे हैं।
मंदिर परिसर में लगातार “हरे राम हरे कृष्णा, कृष्णा कृष्णा हरे हरे” के संकीर्तन की गूंज सुनाई दे रही है, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में काफी उत्साह और हर्षोल्लास देखा जा रहा है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
दिन-रात चल रहे भजन-कीर्तन से पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना हुआ है। दूर-दराज के गांवों से भी श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं और पूजा-अर्चना कर संकीर्तन में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से लोगों में आस्था और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है। इस संबंध में पंडित रमेश जी ने बताया कि काशलता शिव मंदिर में आयोजित श्री श्री 108 अष्टयाम के तहत 48 घंटे का अखंड संकीर्तन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस धार्मिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुख-समृद्धि और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है। ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस अष्टयाम में लगातार भजन-कीर्तन का दौर जारी है। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन में गांव के सभी लोगों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है।विशेष बात यह है कि इस अष्टयाम में आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ नेपाल से भी कीर्तन मंडलियां पहुंची हैं।
लगभग आधा दर्जन कीर्तन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत भजन और संकीर्तन ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया है। उनके मधुर भजनों और संकीर्तन से पूरा मंदिर परिसर गूंज रहा है और भक्तगण भक्ति में लीन होकर संकीर्तन का आनंद ले रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों के बीच आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना मजबूत होती हैं।




























