कोढ़ा /कटिहार – जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार किया है। रौतारा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक मिनी ट्रक को जब्त किया है। जिसमें क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर ले जाए जा रहे 17 मवेशियों को मुक्त कराया गया। इस अभियान में पुलिस ने मौके से एक तस्कर को भी दबोचने में सफलता हासिल की है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रौतारा थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि पशुओं से लदा एक मिनी ट्रक अवैध रूप से ग्राम महेशवा की ओर जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने बिना देरी किए पुलिस बल के साथ महेशवा के समीप सघन वाहन चेकिंग चलाया गया ।
चेकिंग के दौरान जब संदिग्ध मिनी ट्रक वहां पहुंचा, तो पुलिस बल को देखकर चालक ने भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की सक्रियता के कारण तस्कर सफल नहीं हो सका। पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर ट्रक को खदेड़ा और अंततः उसे पकड़ लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिस दंग रह गई वाहन के भीतर 17 मवेशियों को बेहद क्रूर तरीके से बांधकर रखा गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त मो. मुस्लिम, पिता मंजूर आलम साकिन सिमरिया, थाना- कोढ़ा, जिला कटिहार है। पुलिस ने मवेशियों के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त मिनी ट्रक को भी जब्त कर लिया है। कटिहार पुलिस ने बताया कि पशुओं के प्रति क्रूरता और अवैध परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




























