भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 205 किलोग्राम गांजा जब्त

SHARE:

अररिया/अरुण कुमार

भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बथनाहा को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। एसएसबी की विशेष नाका टीम ने 205 किलोग्राम (लगभग) गांजा जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ‘आई’ समवाय फुलकाहा के अंतर्गत बीओपी पथराहा के कार्यक्षेत्र में स्थित गांव जटवारा के समीप सीमा स्तंभ संख्या 190/6 के पास भारत की ओर लगभग 10 मीटर की दूरी पर यह कार्रवाई की गई। तस्कर नेपाल से गांजा लेकर भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। एसएसबी की विशेष नाका टीम को देखते ही तस्कर गांजा छोड़कर मौके से फरार हो गए।

एसएसबी के जवानों ने मौके से करीब 205 किलोग्राम गांजा बरामद कर जब्त कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त गांजा को आगे की कार्रवाई हेतु फुलकाहा थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।

सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एसएसबी द्वारा लगातार सघन निगरानी और विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को सीमा सुरक्षा और नशा तस्करी के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!