दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ दो दिन रहे किशनगंज के युवा उद्योगपति उदित सेठिया
वाराणसी दौरे के दौरान आधिकारिक, धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों में रहे सहभागी, बताया प्रेरणादायक अनुभव
किशनगंज जिले के युवा उद्योगपति एवं ईकोम्यूट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक उदित कुमार सेठिया को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के वाराणसी दौरे के दौरान उनके साथ दो दिनों तक विभिन्न आधिकारिक, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिला। उदित सेठिया तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (टीपीएफ), किशनगंज के सचिव भी हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के 18 एवं 19 जुलाई के वाराणसी दौरे के दौरान उन्होंने मां विंध्यवासिनी मंदिर, श्री काल भैरव मंदिर, श्री काशी विश्वनाथ धाम, गंगा आरती और नमो घाट सहित कई कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान रात्रिभोज एवं अन्य आयोजनों में भी उदित सेठिया उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान उदित सेठिया ने उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री रविन्द्र जायसवाल से भी मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ निकट से समय बिताने और प्रशासनिक कार्यशैली को समझने का अवसर उनके जीवन का एक यादगार और प्रेरणादायक अनुभव रहा।
उदित सेठिया ने अपने कॉलेज मित्र एवं अधिवक्ता आयुष जायसवाल, जो मंत्री रविन्द्र जायसवाल के पुत्र हैं, का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आयुष के आत्मीय आमंत्रण और आतिथ्य के कारण उन्हें मुख्यमंत्री एवं मंत्री के साथ संवाद करने तथा विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिला।

उदित सेठिया ने कहा कि देश के जनप्रतिनिधियों के साथ निकट से समय बिताना केवल सम्मान की बात नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभाने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने इस अवसर के लिए आयुष जायसवाल, मंत्री रविन्द्र जायसवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि उदित कुमार सेठिया, सुरेश सेठिया के सुपुत्र हैं और पिछले कई वर्षों से ईकोम्यूट प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी एवं स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। वहीं, टीपीएफ किशनगंज के सचिव के रूप में युवाओं को नेतृत्व, उद्यमिता और सामाजिक सेवा से जोड़ने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उदित सेठिया की इस उपलब्धि पर जिले के सामाजिक एवं व्यावसायिक जगत में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे किशनगंज के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के नेतृत्व के साथ संवाद और सहभागिता से युवाओं को नई सोच, सकारात्मक नेतृत्व और समाज सेवा की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।



























