किशनगंज/विजय कुमार साह
भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। नेपाल के काठमांडू जेल से फरार हुई महिला कैदी को शुक्रवार को किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत फतेहपुर थाना क्षेत्र में एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त अभियान में गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर स्थित 12वीं बटालियन एसएसबी चौकी को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की एक महिला कैदी भारत की सीमा में प्रवेश करने वाली है। सूचना के आधार पर एसएसबी अधिकारियों ने जवानों और फतेहपुर थाना पुलिस के सहयोग से सीमा पिलर संख्या 150/03 के निकट नाका लगाया। इस दौरान संदिग्ध रूप से पैदल भारत की ओर आती एक महिला को रोका गया और पूछताछ में पता चला कि वह नेपाल काठमांडू जेल से फरार हुई है।गौरतलब हो कि नेपाल में हुई हिंसा के बाद भारत के अलग अलग सीमा चौकियों से अभी तक दर्जनों नेपाली कैदियों को गिरफ्तार किया गया है।इनमें कई विदेशी कैदी भी है,जिन्हें नेपाल पुलिस को सौंपा गया है।
गिरफ्तार महिला की पहचान एंजिला खातून (पत्नी – मोहम्मद आजाद मियां, उम्र – 49 वर्ष, निवासी – खजूरगाछी, थाना गौरीगंज, जिला झापा, नेपाल) के रूप में हुई। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे नेपाल पुलिस इंस्पेक्टर भुवन बाबू खड़का (थाना गौरीगंज, जिला झापा) को सौंप दिया गया।
इस कार्रवाई को एसएसबी के उप कमांडेंट श्री स्वपन रजक, सहायक कमांडेंट श्री आयुष ददीच, फतेहपुर चौकी के जवानों और फतेहपुर थाना अध्यक्ष ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। यह उपलब्धि न केवल एसएसबी बल्कि बिहार पुलिस के लिए भी बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
