किशनगंज/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खनियाबाद पंचायत स्थित बैरिया में बुधवार को बैरिया टीचिंग सेंटर का विधिवत उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। यह कोचिंग संस्थान हाई स्कूल बैरिया के ठीक सामने स्थापित किया गया है, जिसका उद्घाटन खानियाबाद पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि ओम प्रकाश महतो, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों के द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
उद्घाटन के अवसर पर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस नई शैक्षणिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए इस प्रकार के कोचिंग संस्थानों की काफी आवश्यकता है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा और उन्हें आगे की पढ़ाई में सहायता प्राप्त होगी।
बैरिया टीचिंग सेंटर के डायरेक्टर युगेश कुमार ने बताया कि इस संस्थान की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन प्रदान करना है।उन्होंने कहा कि आज के समय में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है, ऐसे में विद्यार्थियों को मजबूत आधार और सही दिशा मिलना बहुत जरूरी है। इस कोचिंग सेंटर के माध्यम से बच्चों को अनुभवी शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी।
वहीं प्रिंसिपल विवेक कुमार ने कहा कि इस कोचिंग संस्थान में नर्सरी से लेकर कक्षा 10वीं तक के विद्यार्थियों को पढ़ाई कराई जाएगी। साथ ही इंटरमीडिएट स्तर पर साइंस एवं आर्ट्स संकाय के छात्रों के लिए भी अलग-अलग विषय विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा कक्षाएं संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई को सरल और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक पद्धति से शिक्षण कार्य किया जाएगा।
कोर्स डायरेक्टर बबूल कुमार एवं वाइस प्रिंसिपल भावेश कुमार ने भी कहा कि बैरिया टीचिंग सेंटर का उद्देश्य विद्यार्थियों को मजबूत शैक्षणिक आधार प्रदान करना है, ताकि वे अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकें।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए इस कोचिंग संस्थान में उनका नामांकन अवश्य कराएं।उद्घाटन समारोह के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने इस शैक्षणिक पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि बैरिया टीचिंग सेंटर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा और उन्हें आगे बढ़ने की नई दिशा प्रदान करेगी।





























