बाढ़ से पहले तैयारी ही सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी
जनप्रतिनिधियों ने किया जागरूक रहने का आह्वान
मनिहारी /कटिहार – संभावित बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के उद्देश्य से सोमवार को मनिहारी प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में नागरिक सुरक्षा कटिहार के तत्वावधान में प्रशिक्षण सह जनजागरूकता एवं नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख अनीता देवी ने की।
प्रखंड प्रमुख अनीता देवी ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदाओं से बचाव के लिए केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि आम लोगों की जागरूकता और सहभागिता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी को अपने गांव और परिवार तक पहुंचाने की अपील की। बाढ़ से पहले की तैयारी, सुरक्षित स्थानों की जानकारी, समय पर निकासी और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने से जन-धन की क्षति को काफी हद तक रोका जा सकता है।
उन्होंने अफवाहों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचना देने की सलाह दी। जदयू जिला उपाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य सुमति देवी ने कहा कि आपदा के समय एक-दूसरे का सहयोग ही सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने लोगों से सजग रहने, कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की मदद करने तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया।
प्रशिक्षण के दौरान नागरिक सुरक्षा के अधिकारियों ने प्राथमिक उपचार, राहत एवं बचाव कार्य, सुरक्षित निकासी, सामुदायिक सहभागिता और बाढ़ के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष मंजय शाह, मुखियागण, प्रखंड के कर्मी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बाढ़ पूर्व तैयारी को मजबूत करना और जागरूक समाज का निर्माण करना है।


























