ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह
19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), ठाकुरगंज द्वारा सोमवार को वाहिनी मुख्यालय सहित सभी समवायों एवं सीमा चौकियों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व 19वीं वाहिनी के कमांडेंट राज कुमार खलखो के निर्देशन में किया गया। उन्होंने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर वाहिनी के सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट राज कुमार खलखो ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य की अमूल्य निधि हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा जलवायु संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता के संरक्षण और मानव जीवन को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जवानों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो हरित एवं स्वच्छ भारत का सपना जल्द साकार हो सकता है।
कमांडेंट ने बताया कि सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय द्वारा 19वीं वाहिनी को 6000 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके तहत अब तक 3100 पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया जा चुका है। यह उपलब्धि पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा जैव विविधता के संवर्धन के प्रति वाहिनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, लगाए गए पौधों के संरक्षण को सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का सामूहिक संकल्प लिया।


























