जेल जाते ही बिगड़ गई थी तबीयत
किशनगंज/सागर चंद्रा
स्थानीय मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन महिला बंदी की मौत हो गई। सोमवार अल सुबह घटित घटना की जानकारी मिलते ही पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर टाउन थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चिकित्सकों की टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया और पूरे घटनाक्रम का बकायदा वीडियो ग्राफी भी कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
मृतका की पहचान योगी टोला पथरिया वार्ड नंबर 4 निवासी जेठाली हांसदा (50) पति रामू मुर्मू के रूप में की गई है। गलगलिया पुलिस ने मृतका को शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मामले को लेकर गलगलिया थाना में कांड संख्या 73/26 दर्ज कर गत रविवार को ही उसे एक्साइज स्पेशल जज वन की अदालत में पेश किया गया था।
जहां से उसे रविवार शाम को ही जेल भेज दिया गया था। लेकिन जेल पहुंचते ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि उसे दिल का दौरा पड़ा था। जेल प्रशासन ने आनन-फानन में जेठाली हांसदा को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
लेकिन हायर सेंटर ले जाने से पूर्व ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी सदर अस्पताल पहुंच गए और शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इंकार कर दिया। जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के द्वारा काफी समझाने बुझाने के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए।
वहीं कारा अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गलगलिया थाना कांड संख्या 73/26 के तहत न्यायालय के निर्देश पर महिला बंदी को गत रविवार शाम जेल लाया गया था। लेकिन कुछ ही घंटे बाद महिला सेल में उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


























