विजय कुमार साह /टेढ़ागाछ (किशनगंज)
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी और टेढ़ागाछ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चाइनीज सेब की बड़ी खेप जब्त की है। शनिवार देर रात करीब 11 बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में 14 कार्टन (करीब 280 किलोग्राम) चाइनीज सेब बरामद किया गया।
मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए टेढ़ागाछ थाना के हवाले कर दिया गया है।जानकारी के अनुसार, एसएसबी 12वीं बटालियन के ई समवाय माफिटोला, बीओपी पेकटोला तथा टेढ़ागाछ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। बीओपी पेकटोला के उप निरीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 154/01 से लगभग 500 मीटर भारतीय क्षेत्र में तथा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 100 मीटर अंदर की गई।
छापेमारी के दौरान नेपाल से अवैध रूप से भारत लाए जा रहे 14 कार्टन चाइनीज सेब बरामद किए गए, जिनका कुल वजन लगभग 280 किलोग्राम है। इस मामले में पेकटोला गांव निवासी जय प्रकाश यादव (47 वर्ष), पिता रामावतार यादव, को मौके से गिरफ्तार किया गया।
एसएसबी ने जब्त सेब और गिरफ्तार आरोपित को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए टेढ़ागाछ थाना के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। सीमा क्षेत्र में तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसबी और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान लगातार जारी है।


























