विजय कुमार साह टेढ़ागाछ (किशनगंज)
टेढ़ागाछ प्रखंड के मटियारी पंचायत में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित नए पंचायत सरकार भवन में अब तक विद्युत कनेक्शन नहीं मिलने से भवन का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। बिजली के अभाव में पंचायत कार्यालय का नियमित संचालन प्रभावित है, जिससे पंचायतवासियों को सरकारी योजनाओं एवं विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि सफदर हुसैन अंसारी ने बताया कि भवन में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विद्युत विभाग को आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि बिजली नहीं रहने के कारण कार्यालयी कार्य बाधित हैं और कर्मचारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में इसी पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर आयोजित होना प्रस्तावित है। ऐसे में बिजली की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है, ताकि शिविर का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुखिया प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से बना आधुनिक पंचायत सरकार भवन बिजली कनेक्शन के अभाव में केवल शोपीस बनकर रह गया है।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग से मामले की गंभीरता से जांच कर अविलंब विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सरकार भवन में बिजली बहाल होने से सभी सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेंगी, जिससे आम लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिलेगा और पंचायत स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था भी अधिक सुदृढ़ होगी।


























