कटिहार- आगामी 21 जुलाई 2026 मंगलवार को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की सफल एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपराह्न 04:30 बजे नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त संतोष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहयोग शिविर में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी ससमय उपस्थित रहे। नगर आयुक्त श्री कुमार ने शिविर में आने वाले आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ करे। नगर आयुक्त ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर शीघ्र समाधान उपलब्ध कराना है।
इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्य करें, ताकि शिविर पूरी तरह सफल एवं जनहितकारी सिद्ध हो। बैठक के अंत में नगर आयुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से समयबद्ध, अनुशासित एवं जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। मौके पर कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह, सीटी मैनैजर ज्योति कृष्णमुर्ति,स्वच्छता पदाधिकारी मो. नुर अली खान आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


























