सागर चंद्रा/ किशनगंज
प्राथमिक विद्यालय सिंधिमुनी, बैरबन्ना में विकास मद की राशि के गबन का मामला सामने आया है। विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव साबेरा बेगम ने प्रधान शिक्षिका नाजरा परवीन पर फर्जी हस्ताक्षर कर विद्यालय के भारतीय स्टेट बैंक के खाते से 54,991 रुपये की निकासी करने का आरोप लगाया है। साबेरा बेगम की लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, विद्यालय के विकास कार्यों के लिए आवंटित राशि विद्यालय के एसबीआई किशनगंज शाखा स्थित बैंक खाते में जमा थी। विकास मद की राशि की निकासी के लिए सचिव और प्रधान शिक्षिका, दोनों के हस्ताक्षर आवश्यक होते हैं। आरोप है कि प्रधान शिक्षिका नाजरा परवीन ने 21 फरवरी 2026 को सचिव की जानकारी और सहमति के बिना उनका फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक खाते से 54,991 रुपये की निकासी कर ली है।
साबेरा बेगम ने बताया कि इस मामले की जानकारी के बाद बैंक से खाते का स्टेटमेंट प्राप्त किया और विद्यालय में विकास कार्यों की भी जांच की। जांच में राशि निकासी की पुष्टि हुई, लेकिन उस राशि का उपयोग नहीं किया गया। वहीं थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि प्रधान शिक्षिका नाजरा परवीन के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। हालांकि प्रधान शिक्षिका ने आरोपों को निराधार बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।



























