फारबिसगंज में सम्मान समारोह का हुआ आयोजन, सैकड़ों शिक्षकों का हुआ सम्मान

SHARE:

अररिया/अरुण कुमार

फारबिसगंज शहर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) का सभागार रविवार को शिक्षा के उत्सव में डूबा नजर आया। द बिहार टीचर्स हिस्ट्री मेकर्स (TBT) की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में जिले भर से आए सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके शिक्षण क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास, कोशी स्नातक क्षेत्र से बिहार विधान परिषद के निवर्तमान प्रत्याशी नीतेश कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। समारोह के दौरान शिक्षकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसमें पारंपरिक गीत और नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि शिक्षकों द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है जिसका नतीजा है कि हमारे क्षेत्र में बेहतर रिजल्ट इस बार देखने को मिला है।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए TBT की प्रमंडलीय अध्यक्ष बिंदु भारती ने बताया कि इस पहल की शुरुआत कोविड काल के दौरान हुई थी। उन्होंने बताया कि यह बिहार के सरकारी शिक्षकों का एक ऑनलाइन मंच (फेसबुक ग्रुप) है, जिसकी स्थापना गया जिले के शेरघाटी निवासी डॉ. कुमार गौरव ने की थी।

यह मंच शिक्षकों को नवाचारी शिक्षण विधियों को साझा करने और ‘मेरा मोबाइल, मेरी शिक्षा’ अभियान के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण ऑनलाइन शिक्षा उपलब्ध कराने का अवसर देता है। इस पहल के तहत शिक्षक स्कूल समय के बाद भी ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कर छात्रों की पढ़ाई को निरंतर बनाए रखते हैं, जो कोरोना काल से ही काफी लोकप्रिय रहा है।

इस मंच का मुख्य उद्देश्य राज्य के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को एकजुट करना, नई-नई शिक्षण तकनीकों को साझा करना और बच्चों के लिए आनंददायी एवं प्रभावी शिक्षा सुनिश्चित करना है। साथ ही, यह मंच शिक्षकों की छिपी प्रतिभा को भी सामने लाने का कार्य कर रहा है, जहां वे अपने शिक्षण वीडियो और रचनात्मक गतिविधियां साझा करते हैं।

पूर्णिया से आए एसडीपीओ मनीष कुमार वर्मा ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि TBT मंच के माध्यम से शिक्षक सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग कर रहे हैं और खाली समय में बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा देकर एक नई दिशा दे रहे हैं।

कार्यक्रम में डाइट जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार, उपाध्यक्ष सौरव कुमार, उपाध्यक्ष सविता कुमारी, सचिव सिंधु कुमारी, उपसचिव रंजू कुमारी, रितु कुमारी, अभिलाषा कर्ण, अर्चना कुमारी, मीडिया प्रभारी सुनील कुमार रजक, इश्तियाक आलम, प्रमंडलीय उपसचिव रीना देवी, बीना कुमारी, कोषाध्यक्ष गुलहेना शबनम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

समारोह ने न केवल शिक्षकों के कार्यों को सम्मानित किया, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और समर्पण की एक प्रेरणादायक मिसाल भी पेश की।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई