किशनगंज /प्रतिनिधि
किशनगंज सदर थाना क्षेत्र के दौला पंचायत अंतर्गत पोरलाबाड़ी गांव में 65 वर्षीय किसान के डूबने का मामला प्रकाश में आया है।मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को एक 65 वर्षीय वृद्ध व्यक्ति महानंदा नदी में डूबकर लापता हो गए।लापता किसान की पहचान मोहम्मद ईशा के रूप में हुई है।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में शोक व्याप्त है।जानकारी के अनुसार मोहम्मद ईशा महानंदा नदी के पास से मवेशी लाने गए थे। इसी दौरान नदी के पास वह तेज धारा की चपेट में आ गए और देखते ही देखते लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपने स्तर से नदी में उनकी तलाश शुरू कर दी।ग्रामीणों ने घटना की सूचना अंचल प्रशासन को दी।सूचना पर अंचल प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।टीम के द्वारा सर्च अभियान शुरू किया गया।
इस संबंध में अंचल अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि अंचल प्रशासन एवं एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है। स्थानीय प्रशासन की निगरानी में नदी में लगातार खोजबीन की जा रही है।खबर लिखे जाने तक लापता वृद्ध व्यक्ति का कोई पता नहीं चल सका था।





















