बहादुरगंज /किशनगंज/निशांत
बहादुरगंज थाना क्षेत्र के समेसर हाट वार्ड नंबर 14 में कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध कब्जे और दुकान बनाने का विरोध करने पर एक ही परिवार के कई लोगों पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। जहाँ इस घटना में पीड़ित गुड्डू नदाफ,उनके पिता और परिवार की महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। मामले को लेकर पीड़ित ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समेसर हाट वार्ड नंबर 14 निवासी गुड्डू नदाफ (पिता फरमान नदाफ) ने बहादुरगंज थाना अध्यक्ष को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन के मुताबिक, 15 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:00 बजे हबीब पिता स्व यूनुस नदाफ कब्रिस्तान की जमीन को कब्जा करने की नीयत से वहां मुर्गा की दुकान बना रहे थे। जब गुड्डू नदाफ और उनके परिवार ने इसका विरोध किया, तो विपक्षी लोग उग्र हो गए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
जहाँ इस घटना मे गुड्डू नदाफ के बाएं हाथ के अंगूठे को काटकर बुरी तरह घायल कर दिया। वहीं, जब गुड्डू के पिता फरमान नदाफ बीच-बचाव करने दौड़े, तो मो0 हबीब नदाफ ने उन पर मापतौल वाले लोहे के बटखरे (बांट) से हमला कर दिया, जिससे उनके नाक के नीचे का हिस्सा गंभीर रूप से कट गया और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
वहीँ पीड़ित पक्ष का कहना है कि शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के ग्रामीण और बगल के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां फरमान नदाफ की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया है।
वहीँ दूसरी ओर मो0 हबीब ने भी गुड्डू नदाफ सहित अन्य सात लोगों के विरुद्ध उनकी मुर्गे की दुकान का बांस बल्ला काटकर फेंकने,उनकी गर्भवती पुत्री के पेट मे लात मारकर उसे एवं अन्य लोगो के साथ मारपीट कर जख्मी करने के मामले को लेकर बहादुरगंज थाना मे लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
थानाध्यक्ष बहादुरगंज सुनील कुमार ने इस संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों के द्वारा प्राप्त आवेदन के आधार पर बहादुरगंज थाना मे पुलिस द्वारा काण्ड दर्ज कर लिया गया है। साथ ही साथ मामले की जांच पड़ताल भी प्रारंभ कर दी गई है। जल्द ही मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





















