विजय कुमार साह /टेढ़ागाछ (किशनगंज)
टेढ़ागाछ प्रखंड की बैगना पंचायत अंतर्गत चंद्रगांव से बैगना जाने वाली मुख्यमंत्री सड़क की जर्जर स्थिति एक बार फिर सामने आई है। शनिवार को बैगना मदरसा के समीप सड़क पर बने बड़े गड्ढे के कारण एक मारुति कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में कार चालक मुंतज़िर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि चंद्रगांव–बैगना मुख्यमंत्री सड़क लंबे समय से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बरसात के दिनों में सड़क पर जलजमाव होने से गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। कई स्थानों पर सड़क की पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पुलिया ध्वस्त होने के कारण लोगों को डायवर्सन के रास्ते आवागमन करना पड़ता है, जो बारिश के मौसम में बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है।
स्थानीय लोगों फैजी आलम, रुखसार आलम, अब्दुल मुकर्रम तथा पूर्व प्रखंड प्रमुख बाबुल आलम ने बताया कि सड़क की बदहाली से आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत, गड्ढों की भराई तथा क्षतिग्रस्त पुलियों का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।






















