कटिहार – मुजफ्फरपुर में बनने जा रही भारत की पहली बज्जिका भाषा की फीचर फिल्म “बउआ” लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। इस महत्वाकांक्षी फिल्म से कटिहार जिले की प्रतिभाओं का भी महत्वपूर्ण जुड़ाव है। कटिहार के होनहार युवा कलाकार रौनित रंजन अपने शानदार निर्देशन और कैमरा के बल पर इस फिल्म को एक नई पहचान दिलाने की दिशा में अग्रसर हैं।
उनकी प्रतिभा और मेहनत से न केवल कटिहार, बल्कि पूरे बिहार को गर्व महसूस हो रहा है। फिल्म की एक विशेष बात यह भी है कि कटिहार के वरिष्ठ रंगकर्मी, अभिनेता एवं निर्देशक आलोक कुमार भी इस फिल्म में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। रंगमंच और सिनेमा के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव का लाभ इस फिल्म को मिलेगा।
निर्माताओं का मानना है कि “बउआ” केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि बज्जिका भाषा, संस्कृति और लोकजीवन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का एक सशक्त प्रयास है। फिल्म में बिहार के विभिन्न जिलों के प्रतिभाशाली कलाकारों को अवसर दिया गया है, जिससे स्थानीय कला और संस्कृति को नई ऊँचाइयाँ मिलेंगी। फिल्म का मुहूर्त एवं शूटिंग मुजफ्फरपुर में प्रारंभ हो चुकी है और इसके माध्यम से बज्जिका भाषा को पहली बार बड़े पर्दे पर एक नई पहचान मिलने जा रही है।





















