राशन कार्ड आवेदनों के त्वरित निष्पादन को लेकर बीडीओ ने की समीक्षा बैठक,अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

SHARE:

विजय कुमार साह /टेढ़ागाछ (किशनगंज)

टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कार्यालय कक्ष में शनिवार को बीडीओ अजय कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राशन कार्ड के नए आवेदनों के प्राप्ति, सत्यापन एवं समयबद्ध निष्पादन की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना था।

बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास, अल्पसंख्यक पदाधिकारी संजीव कुमार सहित सभी पंचायत सचिव, विकास मित्र एवं कार्यपालक सहायक उपस्थित रहे। बीडीओ ने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि पात्र परिवारों से राशन कार्ड के आवेदन निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त किए जाएं तथा किसी भी योग्य लाभुक को योजना से वंचित न रहने दिया जाए।


उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त करने के दौरान आवश्यक दस्तावेजों की सही तरीके से जांच की जाए तथा पात्रता के आधार पर ही आवेदन आगे बढ़ाए जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब या त्रुटि पाए जाने पर संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही सभी पंचायतों में आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संचालित करने पर विशेष बल दिया गया।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास ने राशन कार्ड से संबंधित तकनीकी प्रक्रिया, ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज सत्यापन एवं लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर विस्तार से जानकारी दी। वहीं अल्पसंख्यक पदाधिकारी संजीव कुमार ने सभी कर्मियों से आमजन को सरकार की खाद्य सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र लाभुकों को समय पर आवेदन कराने के लिए जागरूक करने की अपील की।

बैठक के अंत में बीडीओ अजय कुमार ने सभी पंचायत सचिवों, विकास मित्रों एवं कार्यपालक सहायकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पात्र परिवारों से आवेदन प्राप्त करें तथा सभी कार्यों की नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रखंड कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि राशन कार्ड से संबंधित मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!